जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत आज विकासखंड सल्ट की न्याय पंचायत भौनखाल में एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आमजन की समस्याओं का समाधान किया गया तथा उन्हें राज्य व केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभ प्रदान किया गया।
खंड विकास अधिकारी सल्ट ने जानकारी दी कि शिविर के माध्यम से कुल 555 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में प्राप्त 158 शिकायतों में से 98 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त 127 आवेदन पत्र विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्रों से संबंधित भरवाए गए।
शिविर में सल्ट विधायक महेश जीना तथा उपजिलाधिकारी रिंकू बिष्ट ने उपस्थित लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, विभागीय कार्मिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
