जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि प्रदेश सरकार के निरंतर प्रयासों से अल्मोड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के विशेष प्रयासों से मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा में हाल ही में 28 नए एसोसिएट प्रोफेसरों की नियुक्ति की गई है, जिससे चिकित्सा शिक्षा एवं उपचार व्यवस्था को सुदृढ़ता मिली है।
कर्नाटक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में 100 नई एमबीबीएस सीटें स्वीकृत की गई हैं, वहीं 36 नए आईसीयू बेड भी जोड़े गए हैं। लंबे समय से हृदय रोगियों को हो रही परेशानियों के समाधान के लिए बेस चिकित्सालय में कार्डियक केयर यूनिट की शुरुआत की जा रही है, जिससे अब हृदय रोगियों को उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और अल्मोड़ा में ही समुचित इलाज उपलब्ध होगा।
उन्होंने बताया कि महिला चिकित्सालय में लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से उन्नयन कार्य प्रगति पर है, जिसका सीधा लाभ माताओं एवं बहनों को मिलेगा। कर्नाटक ने विश्वास जताया कि बहुत कम समय में अल्मोड़ा की स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर होंगी।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा में पीजी कोर्स की शुरुआत भी कर दी गई है, जो भविष्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने में मील का पत्थर साबित होगी। कर्नाटक ने कहा कि मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री एवं प्रदेश सरकार अल्मोड़ा की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और आने वाले समय में जनपद की जनता को सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।
