Tue. Apr 14th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़

अल्मोड़ा जिले की बदहाल सड़कों को लेकर विधायक मनोज तिवारी ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने खासतौर पर विधानसभा क्षेत्र और नगर की जर्जर सड़कों व गड्ढों से भरे मार्गों को आम जनता के साथ अन्याय करार दिया।
विधायक ने कहा कि लंबे समय से अल्मोड़ा नगर की अधिकांश सड़कें खराब हालत में हैं, जिससे रोजाना हजारों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि हालात इतने खराब हैं कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, जबकि वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है।
बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। विधायक ने यह भी कहा कि अल्मोड़ा एक प्रमुख पर्यटन स्थल है और यहां से होकर अन्य पर्वतीय जनपदों तक पर्यटक जाते हैं, लेकिन खराब सड़कों के कारण पर्यटन व्यवसाय पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि जब मुख्यमंत्री द्वारा विकास कार्यों के लिए प्राथमिकता सूची मांगी गई थी, तब उन्होंने नगर की सड़कों को हॉटमिक्स कराने का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा था। इसके बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।
विधायक तिवारी ने जानकारी दी कि उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को दो बार पत्र लिखकर सड़कों की मरम्मत और हॉटमिक्स कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा था। विभाग द्वारा एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजे जाने के बाद भी जमीनी स्तर पर काम शुरू न होना गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने इस स्थिति को विभागीय लापरवाही और उदासीनता बताते हुए कहा कि जनता लगातार शिकायत कर रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सड़कों को गड्ढामुक्त कर हॉटमिक्स कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे जन आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
साथ ही उन्होंने यह मांग भी रखी कि जब तक हॉटमिक्स कार्य शुरू नहीं होता, तब तक सड़कों के गड्ढों में तत्काल पेचिंग कार्य कराया जाए, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और आम जनता को राहत मिल सके।