जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
जनगणना-2027 की तैयारियों के क्रम में जनपद में तैनात 40 फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में आज से प्रारंभ हो गया है । प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र द्वारा किया गया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसकी सफलता प्रशिक्षित एवं सक्षम कार्मिकों पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी फील्ड ट्रेनर्स से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से ग्रहण करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और दक्षता के साथ करें।
प्रशिक्षण के दौरान जनपद के मास्टर ट्रेनर के.एन. तिवारी (पीडी, डीआरडीए) तथा जनगणना निदेशालय से आए तकनीकी सहायक शुभम वर्मा द्वारा फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना की प्रक्रियाओं, डेटा संकलन, डिजिटल उपकरणों के उपयोग एवं अन्य आवश्यक पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड स्तर पर कार्य के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों तथा उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की जा रही है, जिससे जनगणना-2027 का कार्य सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके।