जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखण्ड के आयुक्त एवं जिलाधिकारी अल्मोड़ा के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा आज प्रातः से जनपद में बाहरी क्षेत्रों से प्रवेश कर रही खाद्य सामग्री से लदी गाड़ियों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया।
यह अभियान लोधिया पुलिस बैरियर पर संचालित किया गया, जहां लगभग 16 वाहनों की जांच की गई। जांच किए गए वाहनों में केएमयू की बसें, ट्रक तथा अन्य छोटे व्यावसायिक वाहन शामिल थे, जिनके माध्यम से मावा, मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री जनपद में लाई जा रही थी।
निरीक्षण के दौरान एक बस से लाए जा रहे मावे की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होने पर टीम द्वारा खुले मावे का नमूना विधिवत रूप से संग्रहित किया गया। उक्त नमूना जांच हेतु खाद्य विश्लेषणशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में एक अन्य वाहन में सप्लाई की जा रही पैकेट बंद मिठाइयों की गुणवत्ता पर संदेह होने के आधार पर उनका भी नमूना लिया गया। संबंधित नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जनपद में वितरित की जा रही खाद्य सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने समस्त खाद्य कारोबारकर्ताओं, सप्लायरों एवं वितरकों से अपील की कि कोई भी खाद्य सामग्री—चाहे वह खुली हो अथवा पैक्ड—केवल विधिवत पक्के बिलों एवं वैध दस्तावेजों के साथ ही क्रय-विक्रय की जाए। इससे आपूर्ति श्रृंखला में पारदर्शिता बनी रहेगी तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित सप्लायर, डिस्ट्रीब्यूटर एवं निर्माता की जिम्मेदारी तय की जा सकेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में मिलावटी अथवा मानकविहीन खाद्य पदार्थों की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्योहारों एवं विशेष अवसरों को ध्यान में रखते हुए आगे भी इस प्रकार के सघन निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
निरीक्षण टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार के साथ ईश्वर सिंह नेगी एवं कुंदन सिंह उपस्थित रहे।
