जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा में आज 17 मार्च को उत्तराखंड क्रांति दल द्वारा होटल शिखर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर जमकर हुंकार भरी गई। कार्यक्रम में गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने, सख्त भू-कानून लागू करने और जल-जंगल-जमीन पर स्थानीय लोगों के अधिकार को लेकर सरकारों को कटघरे में खड़ा किया गया।
“युवा भाग रहा है, सरकार नाकाम”—आशीष नेगी का सीधा हमला
युवा मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी ने पलायन के मुद्दे पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अगर उत्तराखंड का युवा अपने ही राज्य में नहीं रुक पा रहा है, तो यह दोनों सरकारों की सीधी विफलता है। उन्होंने कहा कि संसाधनों से भरपूर राज्य होने के बावजूद उत्तराखंड लगातार पिछड़ रहा है।
“गैरसैंण बनेगा विकास का मॉडल”—नई दिशा का दावा
नेगी ने कहा कि गैरसैंण को राजधानी बनाने से पहाड़ के विकास का नया मॉडल तैयार होगा और इससे कई नए शहरों का विकास संभव होगा।
“सरकार गांव खाली करवा रही”—पूरन सिंह कथायत का बड़ा आरोप
पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष पूरन सिंह कथायत ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गांवों को जानबूझकर खाली किया जा रहा है, ताकि बाहरी लोग आकर यहां की खनिज संपदा का दोहन कर सकें। उन्होंने जमीनों की चकबंदी को रोजगार से जोड़ने की भी बात कही।
सैकड़ों लोगों ने थामा UKD का दामन
कार्यक्रम में संगठन को बड़ा जनसमर्थन भी मिला। त्रिलोक सिंह लटवाल अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल हुए, वहीं सोमेश्वर से पूर्व सैनिक पूरन सिंह ने भी अपने साथियों के साथ सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा गोविंद दुर्गापाल, मनोज लटवाल, चंदन लटवाल, धीरज खोलिया, कृष्ण नेगी, नरेंद्र बिष्ट, प्रताप लटवाल, दीपा लटवाल, गीता लटवाल, अर्चना लटवाल सहित सैकड़ों लोगों ने UKD की सदस्यता ली।
संगठन ने दिखाई ताकत, सरकार को दी खुली चेतावनी
कार्यक्रम में केंद्रीय और जिला स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैरसैंण राजधानी, भू-कानून और रोजगार जैसे मुद्दों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
