जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा,नगर निगम अल्मोड़ा के त्रिपुरसुंदरी वार्ड अंतर्गत गोपालधारा क्षेत्र में सिंचाई विभाग द्वारा संचालित विकास कार्यों का निरीक्षण नगर निगम के महापौर अजय वर्मा ने किया। इस मौके पर उनके साथ वार्ड के पार्षद श्याम पाण्डे और नंदा देवी वार्ड पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान महापौर एवं पार्षदों ने मौके पर उपस्थित स्थानीय जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान के लिए तत्परता दिखाई।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने महापौर को अवगत कराया कि कार्य की गति धीमी है और निर्माण में उपयोग हो रहे सामग्री की गुणवत्ता पर भी संदेह है। साथ ही, जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण बरसात में क्षेत्र में जल भराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए महापौर अजय वर्मा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और जनता की सुविधा को ध्यान में रखकर निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए।
महापौर ने कहा कि निगम का मुख्य उद्देश्य जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पारदर्शी और टिकाऊ विकास कार्यों को बढ़ावा देना है। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकतानुसार कार्यों की तीसरी पार्टी से गुणवत्ता जांच कराई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग, जल संस्थान और नगर निगम के तकनीकी अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है और शीघ्र ही सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, आगामी कार्यों में जल निकासी और सड़क की मजबूती को प्राथमिकता दी जाएगी।
त्रिपुरासुंदरी वार्ड पार्षद श्याम पाण्डे ने कहा ही कार्य की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्थाओं को जनता के कार्य के साथ ये भी ध्यान रखना जनता को कोई दिक्कत ना हो।
इस अवसर पर पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट ने कहा कि वह क्षेत्र की हर समस्या को लेकर सजग हैं और जनता के सहयोग से विकास कार्यों की निगरानी की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कार्य की प्रक्रिया के दौरान यदि कोई असुविधा हो तो उसे सीधे नगर निगम या पार्षद को अवगत कराएं, ताकि त्वरित कार्यवाही हो सके।
निरीक्षण के दौरान पार्षद अमित साह ‘मोनू’, पार्षद श्याम पांडे, जल संस्थान के अवर अभियंता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। स्थानीय निवासियों ने महापौर एवं पार्षद का धन्यवाद करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा और क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य सुनिश्चित होंगे।
महापौर ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि नगर निगम द्वारा चल रहे समस्त कार्यों की सतत निगरानी की जा रही है और प्रत्येक वार्ड में पारदर्शिता एवं जनसहभागिता के साथ विकास सुनिश्चित किया जाएगा।