Wed. Mar 25th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 27 अक्तूबर 2025 जिला पर्यटन विकास अधिकारी प्रकाश सिंह खत्री ने बताया कि विधानसभा सल्ट के विधायक महेश सिंह जीना ने सोमवार को पूर्वान्ह 11 बजे मरचूला एडवेंचर महोत्सव का शुभारंभ किया। सात दिवसीय इस महोत्सव में जनपद के 100 युवाओं द्वारा सहभाग किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न  प्रकार के साहसिक पर्यटन कार्यक्रमों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।


इनमें पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलूनिंग, बर्ड वॉचिंग एवं नेचर गाइडिंग, एंग्लिंग (मत्स्यक्रीड़ा) तथा हॉस्पिटैलिटी एवं होटल मैनेजमेंट जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इन प्रशिक्षणों का संचालन अनुभवी एवं प्रमाणित प्रशिक्षकों द्वारा किया जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक महेश सिंह जीना ने कहा कि अल्मोड़ा सदैव अपनी संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध रहा है। अब यह जनपद साहसिक पर्यटन के केंद्र के रूप में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि मरचूला क्षेत्र प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण है और यहां एडवेंचर गतिविधियों की अपार संभावनाएं हैं। इस महोत्सव के माध्यम से यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बनकर उभरेगा।

आयोजकों ने बताया कि महोत्सव के दौरान युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ-साथ सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यटन प्रबंधन से संबंधित जानकारियाँ भी दी जाएंगी।