जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जनपद के क्वारब क्षेत्र में एक बार फिर पहाड़ का कहर देखने को मिला। स्कूटी से गुजर रहे युवक पर अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर गिर पड़ा। हादसा इतना भयावह था कि पलभर में मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार स्कूटी सवार भगवत राम जैसे ही क्वारब मार्ग से गुजर रहे थे, ऊपर से गिरा पत्थर सीधे उनके पांव पर आ लगा। तेज चोट के कारण युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। यदि पत्थर कुछ इंच ऊपर गिरता तो जान भी जा सकती थी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए तत्काल घायल को संभाला और एंबुलेंस की मदद से बेस चिकित्सालय अल्मोड़ा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है। डॉक्टरों ने स्थिति फिलहाल स्थिर बताई है, लेकिन चोट गंभीर बताई जा रही है।
घटना ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों की बदहाली और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि क्वारब मार्ग पहले भी भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के लिए कुख्यात रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही संवेदनशील पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा जाल, चेतावनी संकेत और नियमित निगरानी की व्यवस्था नहीं की गई, तो किसी दिन यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
