Fri. Feb 6th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा उत्तराखंड सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत विकासखंड ताकुला की न्याय पंचायत ग्वालाकोट में एक भव्य बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया।
शिविर का आयोजन कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान उन्होंने आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। शिविर में प्राप्त अधिकांश शिकायतें पेयजल और सड़क से जुड़ी रहीं।
आयोजन के दौरान कुल 101 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से लगभग 95 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। शिविर के माध्यम से 412 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया तथा लाभार्थियों को योजनाओं से संबंधित सामग्री भी वितरित की गई। इसके अतिरिक्त 420 आवेदन विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत मौके पर ही भरवाए गए, जिससे लोगों को त्वरित सुविधा मिली।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए तथा इस कार्यक्रम की मूल भावना के अनुरूप कार्य किया जाए।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने भी लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा।
शिविर के दौरान सूचना एवं लोक संपर्क विभाग अल्मोड़ा द्वारा जनोपयोगी प्रचार सामग्री का वितरण भी किया गया, जिससे लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी मिल सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
यह शिविर शासन और प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हुआ, जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके द्वार तक पहुंच सका।