जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के सख्त निर्देशों के क्रम में जनपदभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का सीधा निशाना हैं—लापरवाह चालक, रैश ड्राइविंग करने वाले और नाबालिगों को वाहन सौंपने वाले गैर-जिम्मेदार वाहन स्वामी।
दिनांक 25 फरवरी 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन एवं सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक अल्मोड़ा योगेश चंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में एसएसआई रमेश बोरा द्वारा अल्मोड़ा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान एक नाबालिग स्कूटी चलाते हुए पकड़ा गया, जिस पर पुलिस ने तत्काल सख्त कार्रवाई की। मौके पर वाहन स्वामी जीवन लाल पुत्र मोहन लाल, निवासी बाड़ेछीना को बुलाया गया और वाहन को सीज करते हुए 40,000 रुपये का कोर्ट चालान किया गया। पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि भविष्य में नाबालिगों, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस या अज्ञात व्यक्तियों को वाहन सौंपने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इतना ही नहीं, नाबालिग चालक के अभिभावक (भाई) को मौके पर बुलाकर काउंसलिंग की गई और कड़ी हिदायत के साथ नाबालिग को सकुशल सुपुर्द किया गया।
📢 अल्मोड़ा पुलिस का यह स्पष्ट संदेश है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
यह कार्रवाई उत्तराखंड पुलिस की ज़ीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा है, जो आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी।
