जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जनपद में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर सभी थाना और चौकी प्रभारियों को रेट्रो साइलेंसर लगाकर शोर मचाने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।
इसी क्रम में 15 मार्च 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक श्री हरबंस सिंह के मार्गदर्शन तथा सीओ अल्मोड़ा/यातायात बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में कोतवाली सोमेश्वर के प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन जोशी द्वारा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर प्लेट की बाइक में रेट्रो साइलेंसर लगा पाया गया, जिससे पटाखों जैसी तेज आवाज निकल रही थी। इससे आसपास के क्षेत्र में काफी शोर और ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था तथा आम लोगों को परेशानी हो रही थी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की और बाइक को सीज कर दिया। पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और अनावश्यक शोर करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करने की अपील की है।
