जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जनगणना–2027 की तैयारियों के तहत जनपद अल्मोड़ा में प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। इस चरण में “स्व-गणना (Self Enumeration)” को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अंशुल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि स्व-गणना अभियान 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके बाद 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भारत के महारजिस्ट्रार कार्यालय के निर्देशानुसार इस अभियान की शुरुआत जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों—जैसे सांसद, मंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख और ग्राम प्रधान—द्वारा स्व-गणना कराकर की जाएगी, ताकि आम नागरिक भी इससे प्रेरित होकर इस प्रक्रिया में भागीदारी करें।
प्रशासन ने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे स्वयं स्व-गणना करें और अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए जागरूक करें। खासतौर पर प्रत्येक कर्मचारी को 10 से 14 अप्रैल के बीच कम से कम 200 लोगों की स्व-गणना सुनिश्चित कराने का लक्ष्य दिया गया है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं और https://se.census.gov.in� वेबसाइट के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करें। उन्होंने कहा कि इससे न केवल प्रक्रिया सरल होगी, बल्कि आंकड़ों की शुद्धता और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।
अंत में उन्होंने संदेश दिया—
📢“स्व-गणना अपनाएं, सही जानकारी दें और जनगणना–2027 को सफल बनाएं।”
