जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा, 12 दिसंबर 2025अल्मोड़ा जनपद के नगरीय क्षेत्रों में स्थित मलिन बस्तियों के सुधार, विनियमितीकरण, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने शासन के निर्देशों के अनुरूप मलिन बस्तियों के पुनर्स्थापन एवं विनियमन की प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मलिन बस्तियों के विनियमितीकरण संबंधी नियमावली के अनुसार कार्रवाई प्रारंभ की जाए। नगर क्षेत्र में स्थित सभी मलिन बस्तियों का ड्रोन सर्वे कर प्रत्येक परिवार का चिन्हीकरण किया जाए। जो परिवार विनियमितीकरण के दायरे में आते हैं, उनकी प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सर्वे के माध्यम से यह स्पष्ट किया जाए कि मलिन बस्तियों में बने आवास किस श्रेणी की भूमि पर स्थित हैं और नियमानुसार उनका वर्गीकरण किया जाए। साथ ही यह भी चिन्हित किया जाए कि कौन-कौन से परिवार मालिकाना हक प्राप्त करने के पात्र हैं। उन्होंने सभी संबंधित कार्य आगामी 15 दिनों के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आगे की कार्रवाई समयबद्ध रूप से की जा सके।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त नगर निगम लक्ष्मण सिंह भंडारी ने बताया कि अल्मोड़ा जनपद में केवल अल्मोड़ा नगर क्षेत्र में ही मलिन बस्तियां अवस्थित हैं। नगर में कुल 73 परिवार मलिन बस्तियों में निवासरत हैं। इनमें एनटीडी क्षेत्र में 13, पातालदेवी क्षेत्र में 40, राजपुरा में 4 तथा गडेशी गैर क्षेत्र में 16 परिवार शामिल हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण सिंह भंडारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।