Fri. Apr 3rd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा आज दिनांक 3 अप्रैल 2026 को कचहरी बाजार स्थित स्व. जनरल बीसी जोशी सभागार में रेड क्रॉस सोसाइटी अल्मोड़ा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में पूर्व में जिलाधिकारी अंशुल सिंह के साथ हुई बैठक पर चर्चा की गई तथा जनहित कार्यों में उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
बैठक में रेड क्रॉस की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। इसके तहत प्रत्येक टैक्सी चालक को सीपीआर (CPR) का प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया गया, जिससे आपातकालीन स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध हो सके।
संस्था द्वारा जनसेवा को मजबूत करने के उद्देश्य से 15 स्टेचर, दो व्हीलचेयर तथा सीपीआर प्रशिक्षण के लिए एक डमी खरीदने का भी निर्णय लिया गया। नगर में शव वाहनों की कमी को देखते हुए रेड क्रॉस द्वारा एक शव वाहन खरीदने और इसके लिए बैंकों व दानदाताओं से सहयोग लेने की योजना भी बनाई गई।
शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए रेड क्रॉस पदाधिकारियों ने स्कूलों में गतिविधियां बढ़ाने हेतु मुख्य शिक्षा अधिकारी से संपर्क करने का निर्णय लिया। साथ ही, प्रत्येक विकासखंड में रेड क्रॉस के वॉलिंटियर्स की आपदा प्रबंधन टीम गठित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया, जो आपदा के समय स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत कार्यों में सहयोग करेगी।
बैठक में मेडिकल कॉलेज स्थित बूस्टर ऑक्सीजन प्लांट के उपयोग से मरीजों को ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा, नगर में रेड क्रॉस भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने पर जिलाधिकारी एवं मेयर का आभार व्यक्त किया गया।
भविष्य में रक्तदान शिविर, चिकित्सा शिविर, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कॉलेजों में व्याख्यानों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले सहायता प्रस्तावों पर प्रभावी कार्यवाही को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिला रेड क्रॉस चेयरमैन आशीष वर्मा, राज्य उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, कोषाध्यक्ष दीप जोशी, युवा रेड क्रॉस अध्यक्ष अमित साह मोनू, सचिव मनोज भंडारी, उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह बिष्ट, उपसचिव अभिषेक जोशी, डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, ललित मोहन जोशी, मोहन चंद्र कांडपाल, आनंद सिंह बगड़वाल, कृष्ण बहादुर सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।