Fri. Feb 6th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तराखंड राज्य शाखा कार्यालय को सील किए जाने से पूरे प्रदेश में रेडक्रॉस की मानवीय गतिविधियां ठप पड़ गई हैं। इस गंभीर स्थिति के विरोध में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा अल्मोड़ा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर राज्य शाखा कार्यालय को तत्काल खुलवाने और वैधानिक रूप से कार्य बहाल करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि रेडक्रॉस सोसाइटी अधिनियम 1920 एवं शाखा समिति नियम–2017 के तहत दिसंबर 2025 में उत्तराखंड राज्य शाखा समिति का विधिवत गठन किया गया था। इसके बाद राज्य शाखा कार्यालय से प्रशासनिक, राहत एवं सेवा संबंधी सभी कार्य नियमित रूप से संचालित हो रहे थे।
लेकिन 22 जनवरी 2026 को अचानक राज्य शाखा कार्यालय को सील कर दिया गया, जिससे न केवल राज्य स्तर बल्कि सभी जिला शाखाओं का कार्य पूरी तरह बाधित हो गया।
ज्ञापन में राज्यपाल से अनुरोध किया गया है कि वे, रेडक्रॉस राज्य शाखा के अध्यक्ष होने के नाते, तत्काल हस्तक्षेप कर कार्यालय को यथावत रूप से खुलवाएं, ताकि वर्तमान वैधानिक राज्य कार्यकारिणी के माध्यम से रेडक्रॉस की सभी गतिविधियों का संचालन दोबारा शुरू हो सके।
पदाधिकारियों ने यह भी बताया कि कार्यालय सील होने के कारण कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है, जिससे संगठनात्मक ढांचा कमजोर हो रहा है। उनका कहना है कि रेडक्रॉस जैसी मानवीय सेवा संस्था का इस तरह निष्क्रिय हो जाना जनहित के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन देने वालों में रेडक्रॉस अध्यक्ष आशीष वर्मा, कोषाध्यक्ष दीप जोशी, डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, युवा रेडक्रॉस अध्यक्ष एवं पार्षद अमित साह मोनू, पार्षद अभिषेक जोशी, कृष्ण बहादुर सिंह, अनूप साह, रीता दुर्गापाल, पुष्पा सती एवं मीता उपाध्याय शामिल रहे।