Wed. Apr 8th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 8 अप्रैल 2026 राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 309ए (कनगाडछीना से अल्मोड़ा) के दो लेन चौड़ीकरण कार्य के तहत अधिग्रहीत भूमि के प्रभावित लोगों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। इस दिशा में प्रशासन द्वारा जनपद के 18 संबंधित गांवों के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित की गई हैं।
अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि ये टीमें गांव-गांव जाकर उन लोगों का सत्यापन करेंगी, जिनकी भूमि राजमार्ग चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहीत की गई है। इसके साथ ही मुआवजा वितरण को आसान बनाने के लिए प्रभावित काश्तकारों से जरूरी दस्तावेज—जैसे बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, भूमि अभिलेख और फोटो—भी मौके पर ही एकत्र किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रभावित लोगों को बिना किसी परेशानी के शीघ्र मुआवजा मिल सके और उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए ग्रामवार तिथियां तय करते हुए रोस्टर जारी किया गया है, जिसके अनुसार निर्धारित तिथियों पर संबंधित क्षेत्रों में कैंप लगाए जाएंगे।
जारी रोस्टर के अनुसार पटवारी क्षेत्र शैलगुंठ के गांवों में 9 और 10 अप्रैल, पाखुड़ा क्षेत्र में 13 अप्रैल, भेटूली क्षेत्र में 15 अप्रैल, भैंसोडी क्षेत्र में 16 और 17 अप्रैल, अमखोली क्षेत्र में 21 से 23 अप्रैल तथा पांडेखोला शहरी क्षेत्र में 24 और 25 अप्रैल 2026 को कैंप आयोजित किए जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तय तिथियों पर क्षेत्र में उपस्थित रहकर भूमि अधिग्रहण से प्रभावित काश्तकारों एवं भूमि मालिकों के दस्तावेज एकत्र कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन ने सभी प्रभावित ग्रामीणों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ कैंप में पहुंचकर सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि मुआवजा वितरण कार्य समय पर पूरा किया जा सके।