Fri. Apr 3rd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 02 अप्रैल 2026 — प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हवालबाग में आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी अल्मोड़ा डॉ. प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पीएचसी हवालबाग के सभागार में संपन्न हुई, जिसमें हवालबाग ब्लॉक के चिकित्सा अधिकारियों तथा विभिन्न संवर्गों के स्वास्थ्य कर्मचारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान डॉ. प्रवीण कुमार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने हेतु निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संचारी एवं असंचारी रोग नियंत्रण, मिशन शक्ति, आयुष्मान भारत योजना तथा प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन तिवारी ने कहा कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ उपचार प्रवेक्षक आनन्द सिंह मेहता द्वारा किया गया। बैठक में राजकीय टीबी क्लिनिक की टीम, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला एकाउंट प्रबंधक सहित हवालबाग क्षेत्र के चिकित्सक, फार्मासिस्ट, एएनएम, सीएचओ और अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।