Tue. Mar 3rd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा शहर के वरिष्ठ लोककलाकार एवं संस्कार सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण समिति के निदेशक प्रकाश सिंह बिष्ट को उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, पटियाला द्वारा आयोजित 15वें राष्ट्रीय शिल्प मेले में पंजाब के राज्यपाल महामहिम श्री गुलाब चंद कटारिया के हाथों लोक कला साधक सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया।


इस प्रतिष्ठित सम्मान के उपरांत मंगलवार को उनके अल्मोड़ा आगमन पर चौहानपाटा में नगर के विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों, सांस्कृतिक कलाकारों, महिलाओं एवं युवाओं ने उनका हार्दिक स्वागत किया।

स्वागत कार्यक्रम में वरिष्ठ रंगकर्मी राजेंद्र तिवारी, त्रिभुवन गिरी महाराज, महापौर अजय वर्मा, रवि रौतेला, भूपेंद्र भोज, विनीत बिष्ट, हरीश कंवल, तारा चंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में सांस्कृतिक कलाकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बिष्ट का सम्मान करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

प्रकाश सिंह बिष्ट को सम्मानस्वरूप रजत पट्टिका और ₹2,50,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। यह सम्मान लोक कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों को प्रदान किया जाता है।

लगातार 40 वर्षों से बिष्ट उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रस्तुत कर रहे हैं। इससे पूर्व भी उन्हें कई प्रतिष्ठित लोक कला सम्मान मिल चुके हैं। यह उपलब्धि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण है।

प्रकाश सिंह बिष्ट उत्तराखंड के पहले लोककलाकार हैं जिन्हें लोक कला साधक सम्मान 2025 प्रदान किया गया है। उन्होंने यह पुरस्कार अपनी माता को समर्पित किया, जिनका इसी वर्ष सितंबर में निधन हो गया था।

यह सम्मान उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और लोक कला के प्रति गहरी निष्ठा का प्रतीक है। आने वाले समय में भी वे उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाते रहेंगे।