जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा द्वाराहाट विकास खंड सभागार द्वाराहाट में क्षेत्र पंचायत समिति (BDC) की बैठक का आयोजन ब्लॉक प्रमुख डॉ. आरती किशोला की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की उपस्थिति ने बैठक को विशेष महत्व प्रदान किया।
बैठक में पेयजल, विद्युत, सड़क, स्वास्थ्य एवं अन्य जनसरोकार से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। ब्लॉक प्रमुख डॉ. आरती किशोला ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाते हुए विभागीय अधिकारियों से ठोस एवं समयबद्ध कार्रवाई की अपेक्षा जताई। उन्होंने ग्रामीण विकास कार्यों में तेजी लाने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर समन्वय के साथ समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण अथवा तकनीकी परीक्षण की आवश्यकता है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। साथ ही विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर प्रगति की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया, ताकि निर्णय केवल कागजों तक सीमित न रहें बल्कि धरातल पर भी दिखाई दें।
पेयजल समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को ग्राम स्तर पर निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग द्वारा लंबित कार्यों की स्थिति से अवगत कराते हुए उनके शीघ्र निराकरण के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिलाओं के लिए कैंसर स्क्रीनिंग शिविर आयोजित करने तथा एचपीवी वैक्सीनेशन से संबंधित जानकारी दी गई, जिसे बैठक में सकारात्मक एवं जनहितकारी पहल के रूप में सराहा गया।
बैठक के दौरान प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच रचनात्मक संवाद का वातावरण बना रहा। जिला प्रशासन की सक्रिय उपस्थिति से विभागीय जवाबदेही और कार्यों की गति पर विशेष बल दिखाई दिया, जबकि ब्लॉक प्रमुख द्वारा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से रखने से बैठक का केंद्र स्थानीय आवश्यकताओं पर केंद्रित रहा।
