Tue. Feb 24th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, लोक निर्माण विभाग, रानीखेत अशोक कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर क्वारब पुल के समीप भू-स्खलन एवं धंसाव उपचार कार्य के संबंध में कार्यदायी संस्था चौधरी कंस्ट्रक्शन कंपनी प्रा. लि. को संशोधित कार्यप्रणाली की स्वीकृति के बिना कार्य प्रारंभ करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि संस्था द्वारा संशोधित कार्यक्रम के साथ विस्तृत कार्यप्रणाली, यातायात प्रबंधन योजना तथा सुरक्षा योजना प्रस्तुत नहीं की गई, जबकि यह ईपीसी अनुबंध के अंतर्गत अनिवार्य है। बिना सक्षम अनुमोदन के कार्य निष्पादन तथा अपर्याप्त सुरक्षा प्रबंधों के कारण कार्यस्थल पर दुर्घटना की सूचना भी प्राप्त हुई है।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अनुमोदन प्राप्त होने तक सभी महत्वपूर्ण कार्य तत्काल प्रभाव से स्थगित किए जाएं। साथ ही 48 घंटे के भीतर विस्तृत कार्यप्रणाली, यातायात प्रबंधन योजना, सुरक्षा प्रबंधन योजना एवं जोखिम न्यूनीकरण उपाय विभाग को प्रस्तुत किए जाएं।
उन्होंने कहा कि यदि संस्था द्वारा 25 फरवरी 2026 तक संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया जाता है, तो अनुबंध की शर्तों के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।