जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा, 17 जनवरी 2026। औषधि निरीक्षक अल्मोड़ा पूजा जोशी ने बताया कि आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में जनपद अल्मोड़ा क्षेत्र में स्प्यूरियस एवं अधोमानक दवाइयों की रोकथाम के उद्देश्य से मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सभी मेडिकल स्टोरों में वैध लाइसेंस की उपलब्धता, रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट की उपस्थिति में औषधियों के क्रय-विक्रय की पुष्टि की गई। साथ ही प्रत्येक स्टोर पर सीसीटीवी कैमरों एवं उनकी रिकॉर्डिंग की भी जांच की गई। एक्सपायरी दवाओं के पृथक एवं सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई।
इसके अतिरिक्त मनःप्रभावी औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित बिलों का निरीक्षण किया गया तथा मेडिकल संचालकों को नारकोटिक औषधियां केवल चिकित्सक के वैध पर्चे पर ही देने के निर्देश दिए गए। औषधि निरीक्षक द्वारा कुल पांच दवाओं के नमूने संग्रहित कर जांच हेतु विश्लेषणशाला भेजे जा रहे हैं।
औषधि निरीक्षक ने बताया कि जनपद में औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उनके सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं, और यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
