Wed. Feb 11th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 11 फरवरी 2026 (जनपद में 21 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को सफल, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की घटना कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तत्काल तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित रख-रखाव व्यवस्था, सीसीटीवी, पेयजल, विद्युत, फर्नीचर समेत सभी मूलभूत व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों का रैंडम निरीक्षण एवं चेकिंग करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया की सतत निगरानी बनी रहे।
बैठक में उत्तराखंड सरकार द्वारा लागू सख्त नकल विरोधी कानून का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षार्थियों, अभिभावकों और आमजन को कानून के प्रावधानों की जानकारी दी जाए, जिससे नकल जैसी कुप्रथा पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा परीक्षा अवधि के दौरान पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरक राम कोहली, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक एवं बेसिक), समस्त खंड शिक्षा अधिकारी तथा वर्चुअल माध्यम से सभी उपजिलाधिकारी जुड़े रहे।