जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
क्षेत्रीय पुरातात्विक अधिकारी डॉ चंद्र सिंह चौहान ने बताया कि संस्कृति निदेशालय, उत्तराखंड शासन के निर्देशानुसार अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के अनाम द्वीपों एवं चट्टानों के नामकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इस संबंध में जनसामान्य, शिक्षाविदों, इतिहासकारों तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।

प्रस्तावित नाम उत्तराखंड के प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों, समाज सुधारकों, वैज्ञानिकों, कलाकारों, ऐतिहासिक घटनाओं अथवा विशिष्ट भौगोलिक/सांस्कृतिक स्थलों से संबंधित हो सकते हैं, जो जनभावनाओं का प्रतिनिधित्व करते हों तथा राज्य के गौरव से जुड़े हों।
प्रत्येक प्रस्ताव के साथ संबंधित व्यक्ति/स्थान/घटना का लगभग 200 शब्दों में संक्षिप्त औचित्य एवं आवश्यक सहायक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा।
डॉ चंद्र सिंह चौहान ने जनपद अल्मोड़ा के नागरिकों, संस्थाओं एवं बुद्धिजीवियों से अनुरोध किया है कि वे अपने सुझाव क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी कार्यालय अथवा संस्कृति निदेशालय, उत्तराखंड, देहरादून को प्रेषित कर सकते हैं। प्राप्त प्रस्तावों को शासन स्तर पर अग्रसारित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। अतः अधिक से अधिक संख्या में सार्थक एवं तथ्यपरक प्रस्ताव प्रेषित करने की अपील की जाती हैँ।