जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
नैनीताल पर्यटन नगरी नैनीताल में एक महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास और लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के भीतर आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया।
घटना 5 मार्च 2026 की रात की है। जानकारी के अनुसार दिल्ली से आई महिला पर्यटक बस से देहरादून होते हुए हल्द्वानी पहुंची और वहां से ऑटो द्वारा काठगोदाम आई। काठगोदाम से उसने नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराए पर ली।
रात करीब 1:30 बजे जब टैक्सी वल्दियाखान क्षेत्र के पास पहुंची तो चालक ने वाहन को नैनीताल की ओर ले जाने के बजाय पटवाडांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। महिला के विरोध करने पर चालक ने वाहन रोककर उसके साथ बदतमीजी और मारपीट की तथा दुष्कर्म का प्रयास किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला का मोबाइल फोन भी लूट लिया ताकि वह किसी को सूचना न दे सके।
सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पीड़िता की तहरीर पर थाना तल्लीताल में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र के निर्देशन में और थानाध्यक्ष मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, वाहन संख्या और जीपीएस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक सिंह बोरा (39 वर्ष) निवासी गुजरीड़ा फतेहपुर, थाना मुखानी को पाइन्स-भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ Vivo Y100 मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया और घटना में प्रयुक्त UK04TB 5500 वैगनआर टैक्सी को कब्जे में ले लिया गया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने कहा कि पर्यटकों और महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
