जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल सहित खाड़ी देशों में बढ़े तनाव के बीच सोशल मीडिया पर एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित होने संबंधी फैल रही अफवाहों को जिला प्रशासन ने पूरी तरह निराधार बताया है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्पष्ट किया है कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
बुधवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में जिला पूर्ति विभाग एवं संबंधित अधिकारियों के साथ गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस आपूर्ति व्यवस्था पर नियमित निगरानी रखी जाए और किसी भी स्तर पर जमाखोरी या कालाबाजारी न होने दी जाए।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के प्रावधानों के अनुसार सिंगल गैस सिलेंडर कनेक्शन की दूसरी बुकिंग के बीच न्यूनतम 25 दिन का अंतर निर्धारित है। उपभोक्ता फोन अथवा ऑनलाइन माध्यम से बुकिंग करने के बाद ही डिलीवरी मैन के माध्यम से रिफिल प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों के लिए निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जा रही है, ताकि आवश्यक सेवाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
प्रशासन ने गैस आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए जनपद स्तर पर क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) भी गठित की है, जो गैस वितरण पर नजर रखेगी और शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करेगी। यदि कहीं जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने आपातकालीन कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायत या सूचना देने के लिए कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05962-237875, 05962-237874 तथा मोबाइल नंबर 7900433294 जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, घबराहट में अनावश्यक गैस बुकिंग न करें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस सिलेंडर बुक कराएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की चिंता की आवश्यकता नहीं है।
