Wed. Feb 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़

अल्मोड़ा, उत्तराखंड में 27 जनवरी 2025 से लागू समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद अल्मोड़ा में प्रथम देवभूमि समान नागरिक संहिता दिवस हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन नवीन कलेक्ट्रेट भवन में जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैडा की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।
जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैडा ने यूसीसी को उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि यह कानून सभी नागरिकों को समान अधिकार सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि देश में यूसीसी लागू करने वाला पहला राज्य होना हम सभी के लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम के दौरान यूसीसी के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने इसे सामाजिक समरसता, समानता और न्याय की दिशा में एक ऐतिहासिक व दूरदर्शी कदम बताया।
इस अवसर पर यूसीसी की विकास यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें इसके प्रमुख प्रावधानों, उद्देश्यों और क्रियान्वयन प्रक्रिया को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। उपस्थित दर्शकों ने फिल्म की सराहना की।
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है। उन्होंने इसे महिलाओं के सशक्तिकरण और समान अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने यह भी कहा कि जनपद स्तर पर यूसीसी के प्रभावी क्रियान्वयन और व्यापक जनजागरूकता के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने यूसीसी के प्रमुख प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए जनपद में संचालित विभिन्न पहलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह कानून समाज में समरसता स्थापित करने का सशक्त माध्यम बन रहा है।
जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्कूली बच्चों द्वारा नाटक की प्रस्तुति दी गई, जिसमें यूसीसी के प्रावधानों और लाभों को सरल तरीके से दर्शाया गया। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक एकता और समान अधिकारों का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में यूसीसी के अंतर्गत प्रकरणों के त्वरित निस्तारण में योगदान के लिए दो निबंधक, दो उप-निबंधक और 78 ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित अधिकारियों में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रानीखेत गौरी प्रभात, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत चौखुटिया सुभाष चंद्र तथा आरएमओ कैंट बोर्ड रानीखेत डॉ. पवन तिवारी शामिल रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में शत-प्रतिशत विवाह पंजीकरण निस्तारण हेतु 78 ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे और यूसीसी को ऐतिहासिक पहल बताया।
इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष गजेंद्र सिंह मेहता, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विद्या कर्नाटक ने किया।