Wed. Feb 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़

देवभूमि उत्तराखंड में 27 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले प्रथम समान नागरिक संहिता दिवस के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर ज़िलाधिकारी युक्ता मिश्र ने की।
बैठक में अधिकारियों को जानकारी दी गई कि समान नागरिक संहिता दिवस के अवसर पर राज्य में इसके प्रभावी क्रियान्वयन तथा इसके अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य समान नागरिक संहिता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और इसके सामाजिक महत्व को जनसामान्य तक पहुँचाना है।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन प्रस्तावित है, जिनके माध्यम से न केवल समान नागरिक संहिता से संबंधित संदेश दिया जाएगा बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी प्रस्तुत किया जाएगा।
अपर ज़िलाधिकारी युक्ता मिश्र ने कार्यक्रम को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियाँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र सिंह, जिला आपूर्ति अधिकारी मुकेश कुमार, विद्या कर्नाटक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।