जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा और कुमाऊं की सबसे प्राचीन एवं ऐतिहासिक नंदादेवी रामलीला का शुभारंभ श्री नंदादेवी रामलीला कमेटी के तत्वावधान में धूमधाम से हुआ। प्रथम दिवस में रावण अत्याचार, देवगण स्तुति, राम जन्म और सीता जन्म की आकर्षक प्रस्तुतियां मंचित की गईं।

रामलीला मंचन का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि सोबन सिंह जीना परिसर कला संकाय के विभागाध्यक्ष डॉ. शेखर जोशी, विशिष्ट अतिथि पूर्व नगरपालिका सभासद जीवननाथ वर्मा तथा वरिष्ठ रंगकर्मी एवं दशहरा महोत्सव समिति के संरक्षक दीप लाल साह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
आरंभ श्रीराम स्तुति से हुआ, इसके बाद विहान सांस्कृतिक कला मंडली द्वारा भजन संध्या की प्रस्तुति दी गई, जिसका रामभक्तों ने भरपूर आनंद उठाया। छोटे-छोटे बच्चों ने मंचन से पूर्व सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जिसमें सरस्वती का अभिनय जीविका ने किया। वंदना में हर्षिता पांडे, अंजलि थापा, कनिष्का पांडे, सृष्टि उप्रेती और कोमल कांडपाल ने भाग लिया।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं लाला बाजार वार्ड पार्षद कुलदीप सिंह मेर, निर्देशक मोहन जोशी और राजकुमार बिष्ट ने अतिथियों को राम प्रसादी भेंट की। संचालन सचिव एवं नंदादेवी वार्ड पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट ने किया। साज पर हारमोनियम में मोहन जोशी और तबले पर शेखर सिजवाली ने संगत दी।
इस अवसर पर मंचन में हरिविनोद साह ने रावण, अविरल जोशी ने जनक और द्रोण नेगी ने दशरथ का अभिनय किया। बाल राम की भूमिका तविषा साह तथा बालिका सीता की भूमिका कनिष्का पांडे ने निभाई। पात्रों का मेकअप दानिश और राजू शर्मा ने किया, जबकि मंच पूजन नंदादेवी मंदिर के मुख्य पुजारी तारा दत्त जोशी ने संपन्न कराया। सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण नमन बिष्ट ने किया।
कार्यक्रम में नंदादेवी मंदिर कमेटी अध्यक्ष मनोज वर्मा, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, संयोजक प्रकाश पांडे समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, रंगकर्मी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।