Wed. Feb 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़

अल्मोड़ा। मां नंदा राजजात यात्रा 2026 की तैयारियों के संबंध में मां नंदा देवी मंदिर समिति के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी अंशुल सिंह से भेंट कर विस्तृत चर्चा की। समिति ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि 12 वर्षों के अंतराल पर होने वाली यह ऐतिहासिक एवं धार्मिक यात्रा वर्ष 2026 में आयोजित की जानी है।
समिति ने बताया कि यात्रा की तिथि निर्धारण को लेकर 23 जनवरी को बसंत पंचमी के अवसर पर नौटी, कर्णप्रयाग में राज परिवार एवं नंदा राजजात समिति कुमाऊं-गढ़वाल की संयुक्त बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में चंद वंशज युवराज नरेंद्र चंद्र राज सिंह के नेतृत्व में अल्मोड़ा स्थित मां नंदा देवी मंदिर से एक दल कर्णप्रयाग के लिए प्रस्थान करेगा।
मंदिर समिति ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि 22 जनवरी को संस्कृति विभाग के माध्यम से एक छोलियां दल को वाहन सहित कुमाऊं टीम के साथ गढ़वाल तक भेजने की व्यवस्था की जाए। साथ ही कर्णप्रयाग में समिति के लगभग 30 सदस्यीय दल के ठहरने की व्यवस्था प्रशासन द्वारा सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया गया।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंदिर समिति अध्यक्ष मनोज वर्मा, मनोज सनवाल, अनूप साह, पार्षद अमित साह मोनू, पार्षद अभिषेक जोशी एवं पूर्व प्रधान हरीश कनवाल उपस्थित रहे।