जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा नगर निगम परिसर स्थित जन सुविधा केंद्र में खाता-खतौनी की ऑनलाइन सेवा एक लंबे अंतराल के बाद पुनः शुरू होने जा रही है। रेवेन्यू बोर्ड ने सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे को मोबाइल के माध्यम से आधिकारिक रूप से इसकी जानकारी दी है। सेवा जनवरी 2026 से पुनः बहाल कर दी जाएगी।
लगभग एक वर्ष से यह सेवा बंद होने के कारण आम जनता, विशेषकर किसानों, बुजुर्गों और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मामूली राजस्व कार्यों के लिए लोगों को अन्य स्थानों पर भटकना पड़ रहा था।
साइबर अटैक से बाधित हुई थी सेवा
रेवेन्यू बोर्ड के अनुसार, पिछले वर्ष हुए साइबर अटैक के कारण जन सुविधा केंद्र की तकनीकी व्यवस्था प्रभावित हो गई थी, जिससे खाता-खतौनी की ऑनलाइन सेवा ठप हो गई थी। अब तकनीकी सुधार की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
सेवा बहाल होने के बाद नगर निगम परिसर स्थित जन सुविधा केंद्र से दोपहर 12 बजे तक खाता-खतौनी सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्य संपादित किए जाएंगे, जिससे आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
कुमाऊँ कमिश्नर से रेवेन्यू बोर्ड तक पहुँचा मामला
इस जनहित के मुद्दे को सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने लगातार गंभीरता से उठाया। पहले उन्होंने कुमाऊँ कमिश्नर को अवगत कराया, जिसके बाद मामला रेवेन्यू बोर्ड तक पहुँचा। प्रशासनिक संवाद और तथ्यों के आधार पर अब सेवा बहाली का रास्ता साफ हो गया है।
बिना धरना-प्रदर्शन मिली सफलता
इस पूरे प्रकरण में संजय पाण्डे ने बिना किसी धरना-प्रदर्शन, नारेबाज़ी या राजनीतिक दबाव के, शांतिपूर्ण और दस्तावेज़ी प्रयासों से यह सफलता हासिल की। यह उदाहरण दर्शाता है कि संवेदनशील मुद्दों पर गंभीर और तथ्यपरक प्रयास भी ठोस परिणाम दे सकते हैं।
राजनीतिक दलों की चुप्पी पर सवाल
संजय पाण्डे ने कहा—
“जो राजनीतिक दल रोज़ धरना-प्रदर्शन करते हैं, वे ऐसे वास्तविक जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह मौन रहे। जनता की समस्याओं पर राजनीति नहीं, जिम्मेदारी दिखनी चाहिए।”
पहले भी करा चुके हैं कई जनहित कार्य
यह पहला अवसर नहीं है जब संजय पाण्डे के प्रयासों से कोई बड़ा जनहित कार्य पूरा हुआ हो। इससे पूर्व भी वे कई ऐसे कार्य करवा चुके हैं, जो वर्षों तक लंबित रहे।
