जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अल्मोड़ा जनपद के कटारमल स्थित ऐतिहासिक सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित सूर्य पर्व मेले में प्रतिभाग किया। यह पारंपरिक मेला प्रतिवर्ष पौष माह के अंतिम रविवार को श्रद्धा, आस्था एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ आयोजित किया जाता है, जिसमें दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक शामिल होते हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में लगने वाले पारंपरिक मेले उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, धार्मिक आस्था एवं ऐतिहासिक विरासत के सशक्त प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक पहचान को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क, संचार एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के बाद कटारमल सूर्य मंदिर तेजी से एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में उभर रहा है। देश-विदेश से यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
कैबिनेट मंत्री ने जानकारी दी कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग द्वारा शीघ्र ही कटारमल सूर्य मंदिर के सौंदरीकरण एवं संरक्षण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिसके लिए बजट स्वीकृत किया जा चुका है। इससे ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण, सौंदरीकरण एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। यह प्रयास ‘विकास भी – विरासत भी’ की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा रोजगार सृजन, जनहित में साहसिक निर्णय लेने तथा उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित एवं संवर्धित करने के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। सरकार पूरी सजगता एवं तत्परता के साथ जनकल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर में विधिवत पूजन एवं हवन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, ब्लॉक प्रमुख हवालबाग हिमानी कुंडू, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, ग्राम प्रधान कटारमल उमा देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
