जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा, 24 दिसम्बर 2025 स्व. इन्द्रमणी बडोनी जी के 100वें जन्मदिवस के अवसर पर पं. गोविन्द बल्लभ पंत राजकीय संग्रहालय, संस्कृति विभाग, अल्मोड़ा में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत हिमाद्रि नट कला समिति, फलसीमा (अल्मोड़ा) के लोक कलाकारों द्वारा पारंपरिक ढोल–दमाऊ वादन प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को स्व. इन्द्रमणी बडोनी जी के जन्म, शिक्षा, राजनीतिक जीवन, लोक संस्कृति के संरक्षण तथा उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन में उनके महत्वपूर्ण योगदान की संक्षिप्त जानकारी दी गई। प्रभारी निदेशक राजकीय संग्रहालय डॉ. चन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि इन्द्रमणी बडोनी जी का जन्म 24 दिसम्बर 1925 को हुआ था। वे एक महान लोक कलाकार थे और पारंपरिक लोक वाद्य यंत्रों के वादन में दक्ष थे।
उन्होंने कहा कि अपने अहिंसक विचारों एवं सादगीपूर्ण जीवन शैली के कारण स्व. बडोनी जी को “उत्तराखण्ड का गांधी” एवं “पर्वतीय गांधी” के नाम से जाना जाता है। उनकी स्मृति में उनके जन्मदिवस को उत्तराखण्ड में “लोक संस्कृति दिवस” के रूप में मनाया जाता है।
इस अवसर पर हिमाद्रि नट कला समिति, फलसीमा के दलनायक नवीन चन्द्र आर्या द्वारा स्व. इन्द्रमणी बडोनी जी के जीवन एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के अंत में ढोल–दमाऊ वादकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शिवराज सिंह बिष्ट, अखिलेश कुमार मौर्य, रवि बिष्ट सहित संग्रहालय के अन्य कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
