जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा, 24 दिसम्बर 2025। राज्य स्तरीय बीस सूत्रीय कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति की समीक्षा बैठक माननीय उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला की अध्यक्षता में आज प्रातः 11 बजे विकास भवन स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपाध्यक्ष गैरोला ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने तथा सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम आमजन से सीधे जुड़ा हुआ है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और कार्यों में ठोस प्रगति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में महिला कल्याण एवं बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, ग्राम्य विकास विभाग, पीएमजीएसवाई सहित अन्य विभागों की समीक्षा पीपीटी के माध्यम से की गई। उपाध्यक्ष ने जल निगम एवं जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों को आगामी माहों में शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने तथा आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वन विभाग को रोपित पौधों की नियमित मॉनिटरिंग करने एवं दीर्घकालीन कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। वहीं नगर निगम व नगर निकायों को कचरा निस्तारण में नवाचार अपनाने, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपाध्यक्ष गैरोला ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम में जिन मदों में जनपद अल्मोड़ा को ‘डी’, ‘सी’ एवं ‘बी’ श्रेणी प्राप्त है, उनमें विशेष प्रयास करते हुए सुधार लाया जाए, ताकि जनपद को प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान दिलाया जा सके।
इस अवसर पर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सुश्री रेनु भण्डारी ने बताया कि जनपद में बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 45 रैंकिंग मदों में से 39 मद संचालित हैं। साथ ही बीस सूत्रीय टास्क फोर्स द्वारा किए गए सत्यापन कार्यों की स्थिति भी उपाध्यक्ष के समक्ष रखी गई।
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, अपर सांख्यिकीय अधिकारी अरविंद सैनी, कुन्दन लाल, कोमल साह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश पुरोहित सहित समस्त बीस सूत्रीय अधिकारी एवं टास्क फोर्स अधिकारी उपस्थित रहे।
