Mon. Mar 16th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज की अव्यवस्थाओं को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) इकाई अल्मोड़ा ने सोमवार को मेडिकल कॉलेज के बाहर नुक्कड़ नाटक कर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नाटक के माध्यम से जनता के बीच मेडिकल कॉलेज की वर्तमान स्थिति को उजागर करते हुए शासन-प्रशासन से व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की।
यूकेडी कार्यकर्ताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की कमी, अल्ट्रासाउंड जैसी आवश्यक जांच सुविधाओं का अभाव, दवाइयों की कमी तथा कर्मचारियों की पर्याप्त नियुक्ति न होने से मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाटक के माध्यम से इन समस्याओं को दर्शाते हुए सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज केवल अल्मोड़ा ही नहीं बल्कि सोमेश्वर, बागेश्वर, पिथौरागढ़, दन्यां समेत कई क्षेत्रों के लोगों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। ऐसे में यहां की स्वास्थ्य सुविधाएं ठीक न होना पूरे क्षेत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
इस दौरान यूकेडी नेताओं ने मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की नियुक्ति, अल्ट्रासाउंड सहित जरूरी जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने और दवाइयों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी, जिला कार्यकारी अध्यक्ष पान सिंह लटवाल, महिला जिलाध्यक्ष दीपा जोशी, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष रघुवीर सिंह भाकुनी, मंडल अध्यक्ष पंकज बिष्ट, ग्राम प्रधान माटेला गोपाल बिष्ट, राहुल बिष्ट, मुकेश बिष्ट, कुमार सोनू, नेगी किरण मेहरा, विनोद बिष्ट, लाट सिंह, लाल सिंह, बलवंत राम, मनोज तिवारी, अभिषेक बिनोला सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।