Tue. Feb 24th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने अल्मोड़ा में कल आयोजित एक सम्मेलन में दिए गए भड़काऊ एवं अश्लील वक्तव्यों की कड़ी निंदा करते हुए इसे प्रदेश की सामाजिक समरसता पर सुनियोजित हमला बताया है।


पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पी.सी. तिवारी ने कहा कि प्रदेश में शासन कर रही भारतीय जनता पार्टी चुनावी लाभ के लिए समाज को बांटने, नफरत फैलाने और सौहार्दपूर्ण वातावरण को नष्ट करने की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के नेताओं और मंत्रियों की उपस्थिति में कथित “लाल बाबा” द्वारा महिलाओं के सामने जिस प्रकार के अशोभनीय, अश्लील और नफरत फैलाने वाले वक्तव्य दिए गए, वह न केवल अमर्यादित हैं बल्कि सामाजिक ताने-बाने को तोड़ने की एक खतरनाक कोशिश है।

पी.सी. तिवारी ने कहा कि ऐसी हरकत करने वालों की तत्काल गिरफ्तारी होनी चाहिए और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत चिंताजनक है कि सत्ता के संरक्षण में इस तरह की भाषा और मानसिकता को सार्वजनिक मंचों से बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की विफलता, भ्रष्टाचार, संसाधनों की लूट तथा वन एवं भूमि से जुड़े ताजा प्रकरणों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का माहौल बनाया जा रहा है। यह लोकतंत्र और उत्तराखंड की मूल भावना के खिलाफ है।

पी.सी. तिवारी ने कहा कि अल्मोड़ा जैसा बौद्धिक और सांस्कृतिक शहर, जो देश-दुनिया में अपनी सौहार्दपूर्ण परंपराओं के लिए जाना जाता है, वहां इस प्रकार की घटनाएं उसकी गरिमा को कलंकित करती हैं। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ऐसे किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं करेगी जो समाज को बांटने और महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने का काम करे।

पार्टी ने प्रदेश की जनता से अपील की है कि वे नफरत की राजनीति के खिलाफ सजग रहें और सामाजिक एकता, सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आएं