Fri. Mar 27th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा-आज प्रैस को जारी एक बयान में उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व दर्जामंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि अरबों रूपया खर्च करके सरकार के द्वारा उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत जो पेयजल लाइन डाली गयी थी वे मात्र लाईन पड़ने तक ही सीमित रह गयी।आज वर्षों बाद भी लोगों के घरों में लगे नलों की टोंटियां सूखी पड़ी हैं तथा ग्रामीण क्षेत्र की जनता पेयजल को तरस रही है।उन्होंने कहा कि हर घर जल हर घर नल योजना भ्रष्ट एवं लापरवाह अधिकारियों के कारण अब केवल हर घर नल योजना बन कर रह गयी है क्योंकि जल तो इस योजना के अन्तर्गत लगे नलों में आ नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि अरबों रूपये खर्च होने के बाद भी आज भैसियाछाना, हवालबाग एवं लमगड़ा की जनता पेयजल के लिए तरस रही है।हर घर जल हर घर नल योजना लगने के बाद विभागीय अधिकारियों और सरकार ने  इन योजनाओं के धरातल पर कार्य करने की सुध तक नहीं ली जो सोचनीय विषय है। उन्होंने कहा कि लम्बा समय विभाग और विभागीय अधिकारियों को दे दिया गया है। लेकिन ऐसा लगता है कि सम्बन्धित विभाग अरबों रूपये की हर घर जल हर घर नल योजना में केवल लोहे के पाईप डालकर अपनी इतिश्री कर चुका है। श्री कर्नाटक ने कहा कि विभाग ने यदि अति शीघ्र इन योजनाओं का धरातलीय निरीक्षण कर अल्मोड़ा के भैसियाछाना, हवालबाग एवं लमगड़ा विकासखंडों में प्रत्येक घर में लगे नलों में जल उपलब्ध करवाना सुनिश्चित नहीं करता है तो वे विभाग के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को बाध्य होंगे और विभाग में बैठे लापरवाह अधिकारियों की करनी को जनता के बीच में लाने का कार्य करेंगे।