Fri. Aug 21st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

हल्द्वानी काठगोदाम क्षेत्र में 20 अगस्त की रात नैनीताल पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने साहस एवं तत्परता का परिचय देते हुए नहर में बह रहे 35 वर्षीय युवक की जान बचा ली। रात करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि कौलटैक्स नहर में दिल्ली निवासी नरोत्तम पुत्र पुरुषोत्तम बह गया है।
सूचना मिलते ही काठगोदाम प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान के निर्देशन में उपनिरीक्षक दलीप, उपनिरीक्षक कुमकुम और कांस्टेबल प्रताप गढ़िया तत्काल मौके पर पहुंचे। सूचना पर फायर सर्विस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
रात के घने अंधेरे और नहर के तेज बहाव के बावजूद कांस्टेबल प्रताप गढ़िया और फायरमैन रविचंद्र रजवार ने बिना देर किए नहर में उतरकर युवक की तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयासों के बाद दोनों जवानों ने युवक को सकुशल नहर से बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद युवक को तत्काल मौके पर मौजूद डायल-112 वाहन से उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में 108 एंबुलेंस मिलने पर युवक को एंबुलेंस में शिफ्ट कर सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसे भर्ती कराया गया।
पुलिस एवं फायर सर्विस के जवानों की त्वरित कार्रवाई, साहस और कर्तव्यनिष्ठा से एक अनमोल जिंदगी बचाई गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर सर्विस टीम के साहसिक प्रयासों की जमकर सराहना की।