जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड के आह्वान पर चल रहे आंदोलनात्मक कार्यक्रम के अगले चरण में मंगलवार से फार्मेसी अधिकारियों ने काला फीता बांधकर विरोध शुरू कर दिया है। जनपद की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में तैनात फार्मेसी अधिकारी काला फीता बांधकर अपने कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं।

एसोसिएशन के अनुसार यह विरोध कार्यक्रम 15 सितंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान सरकार और शासन से फार्मासिस्टों की लंबित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की जा रही है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि तक मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई तो प्रांतीय हाई पावर कमेटी से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की जाएगी।
जनपद की कोर कमेटी की बैठक में जिला अध्यक्ष डीके जोशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जेपीएस मनराल, उपाध्यक्ष गोपाल सिंह, जिला मंत्री रजनीश जोशी, संगठन मंत्री जगदीश चंद्र, संयुक्त मंत्री प्रेम प्रकाश, कोषाध्यक्ष कैलाश पपने और संप्रेक्षक माया पाण्डेय उपस्थित रहे।
वहीं, जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा और फीमेल हॉस्पिटल अल्मोड़ा में भी फार्मेसी अधिकारियों ने काला फीता बांधकर विरोध दर्ज कराया। दूसरी ओर, द्वाराहाट शाखा की ओर से विधायक मदन सिंह बिष्ट और पूर्व विधायक प्रत्याशी अनिल शाही को ज्ञापन सौंपकर फार्मासिस्टों की मांगों के समर्थन में कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन प्रेषित करने वालों में गोविंद सिंह मेहता और महेश पुजारी शामिल रहे।