जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, हल्द्वानी में कांग्रेस की सभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी अल्मोड़ा ने सोमवार को चौघानपाटा में “सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना-प्रदर्शन” आयोजित किया। धरने में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर मामले को राजनीतिक रंग देकर प्रदेश में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
धरने की अध्यक्षता भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष त्रिलोक राम ने की। भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश का माहौल और सामाजिक सौहार्द खराब करने का काम कर रही है, जिसे भाजपा कतई स्वीकार नहीं करेगी। पूर्व राज्य मंत्री दिनेश आर्या ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद अजय टम्टा ने भी धरना-प्रदर्शन में पहुंचकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
मुख्य वक्ता दिनेश आर्या ने कहा कि हल्द्वानी की घटना को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस जिस प्रकार दलित सम्मान और अस्पृश्यता का मुद्दा उठा रहे हैं, वह राजनीतिक अवसरवाद है। उन्होंने कहा कि दलित सम्मान किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं, बल्कि संविधान द्वारा प्रत्येक नागरिक को दिया गया अधिकार है। कांग्रेस को दूसरों को दलित सम्मान का पाठ पढ़ाने से पहले अपने भीतर झांकना चाहिए।
उन्होंने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस भवन में उनकी तस्वीर को कथित रूप से जमीन पर पटककर बाहर फेंके जाने की घटना का भी उल्लेख किया और इसे कांग्रेस की मानसिकता पर सवाल खड़े करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा का स्पष्ट सिद्धांत है कि संविधान सर्वोपरि है, कानून सबके लिए समान है और न्याय में किसी प्रकार का राजनीतिक भेदभाव नहीं होना चाहिए।
सांसद अजय टम्टा ने कहा कि कांग्रेस को दलित सम्मान की राजनीति करने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस का दलित प्रेम चुनाव और वोट बैंक की राजनीति से आगे कब बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक दलित समाज को राजनीतिक सीढ़ी के रूप में इस्तेमाल किया। उत्तराखंड की जनता भावनात्मक राजनीति और वोट बैंक के लिए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश को स्वीकार नहीं करेगी।
भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष त्रिलोक राम ने कहा कि कांग्रेस का दलित प्रेम केवल राजनीतिक जरूरत के समय दिखाई देता है। उन्होंने हरियाणा के मिर्चपुर कांड का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में हुई ऐसी घटनाओं पर भी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से कांग्रेस शासन के दौरान दलित समाज से जुड़े मामलों पर भी जवाब देने की मांग की।
भाजपा कुमाऊं संयोजक वीरेंद्र आर्या ने कहा कि हल्द्वानी की घटना को लेकर राजनीतिक वातावरण बनाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा का स्पष्ट मत है कि किसी भी नागरिक के साथ भेदभाव या अन्याय स्वीकार नहीं किया जा सकता। किसी भी शिकायत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और कानून सबके लिए समान होना चाहिए।
ब्लॉक प्रमुख नीमा आर्या ने कहा कि दलित सम्मान किसी राजनीतिक दल का चुनावी हथियार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि समाज अब राजनीतिक नारों से प्रभावित होने के बजाय अपने अधिकारों, सम्मान और अवसरों को लेकर जागरूक है।
प्रमोद पवार ने कहा कि हल्द्वानी प्रकरण को लेकर कांग्रेस जिस तरह राजनीति कर रही है, उससे उसकी वास्तविक चिंता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि दलित सम्मान का अर्थ केवल चुनाव के समय दलित समाज का नाम लेना नहीं, बल्कि समान अधिकार, समान अवसर और कानून के सामने समानता सुनिश्चित करना है।
धरने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने वाली राजनीति का विरोध करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री दर्शन रावत एवं प्रकाश भट्ट ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान मेयर अजय वर्मा, दर्जा धारी गंगा बिष्ट, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त गोविंद पिलख्वाल एवं कुंदन लटवाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान एवं कैलाश शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला एवं बिट्टू कर्नाटक, ब्लॉक प्रमुख नीमा आर्या, त्रिलोक रावत, ललित लटवाल, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, सुरेश परदेसी, मंडल अध्यक्ष नवीन बिष्ट सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।