जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को क्वारब पहुंचकर भारी बारिश एवं भूस्खलन से प्रभावित क्वारब बाईपास मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मार्ग की स्थिति का जायजा लेते हुए यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
लगातार बारिश के चलते मार्ग पर कीचड़ और पत्थर आने से यातायात बार-बार बाधित हो रहा है। पहाड़ी से पत्थर व बोल्डर गिरने तथा अचानक भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत अल्मोड़ा-क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के किमी 56 तथा क्वारब बाईपास मोटर मार्ग पर 8 और 9 सितंबर 2026 को भारी वाहनों एवं यात्री बसों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
इस दौरान हल्के वाहनों तथा एंबुलेंस सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों का संचालन बाईपास मार्ग से जारी रहेगा। भारी वाहनों के लिए अल्मोड़ा-विश्वनाथ-शहरफाटक मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-13) तथा खैरना-रानीखेत मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-14) को वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मार्ग की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा यात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।