Tue. Sep 8th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज लोधिया का स्थलीय निरीक्षण कर विद्यालय के कक्षा-कक्षों और भवनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जर्जर भवनों के संबंध में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि विद्यालय के जर्जर भवनों को निर्धारित प्रक्रिया एवं मानकों के तहत ध्वस्त करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही विद्यालय के लिए नए भवन के निर्माण का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में आपदा मद के निर्धारित मानकों के तहत कराए जा सकने वाले कार्यों का भी आकलन करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि भवन से संबंधित आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि विद्यार्थियों का पठन-पाठन प्रभावित न हो और विद्यालय परिसर में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान दर्जा राज्यमंत्री कुंदन लटवाल, जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी रवि मेहता, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।