जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा नगर की मॉल रोड और बस अड्डे के आसपास अराजक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर पूर्व कार्यकारिणी सदस्य भाजपा अल्मोड़ा राजीव गुरुरानी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ ही अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
राजीव गुरुरानी ने कहा कि मॉल रोड और बस अड्डे के आसपास आए दिन हंगामा एवं अनुशासनहीनता की घटनाओं से क्षेत्र का शांतिपूर्ण माहौल प्रभावित हो रहा है। इससे स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों और आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।
उन्होंने 7 सितंबर की शाम बस अड्डे के समीप हुई घटना का हवाला देते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा यातायात बाधित कर हंगामा किया गया। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति तत्काल सामान्य नहीं हो सकी। प्रतिनिधिमंडल ने ऐसी घटनाओं में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आगामी त्योहारी सीजन में मॉल रोड, बस अड्डे और बाजार क्षेत्र में भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में शाम और रात्रि के समय पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने तथा अराजक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से मामले का संज्ञान लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया। एसएसपी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर भाजपा उपाध्यक्ष धर्मेंद्र बिष्ट, अनुसूचित मोर्चा महामंत्री दिशांत पवार, पूर्व सभासद सौरभ वर्मा, अल्पसंख्यक मोर्चा सोशल मीडिया सह-संयोजक राजा खान, भाजपा जिला मीडिया संयोजक मनीष जोशी, कन्हैया बिष्ट, कृष्णा तिलारा, ईश्वर उपाध्याय, भूपेश गैरा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।