Wed. Sep 9th, 2026
Spread the love

जनातानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने नगर निगम अल्मोड़ा के दुगालखोला एवं खगमरा वार्डों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, नालियों, संपर्क मार्गों, विद्यालय परिसर और जर्जर भवनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला पंचायत के अंतर्गत माल गांव से करबला होते हुए दुगालखोला जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया। क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए उन्होंने जिला पंचायत के अधिकारियों को मार्ग की शीघ्र मरम्मत कर इसे सुरक्षित एवं सुगम बनाने के निर्देश दिए।
दोनों वार्डों में नालियों की स्थिति का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने नगर निगम अधिकारियों को नियमित एवं समुचित सफाई कराने तथा जल निकासी में आ रही बाधाओं को दूर करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि नालियों की सफाई के बाद निकलने वाला कूड़ा और मलबा सड़क किनारे न छोड़ा जाए, बल्कि उसे तत्काल उठाकर निर्धारित स्थान पर उचित निस्तारण किया जाए।
उन्होंने सड़कों, गलियों और नालों के आसपास उगी झाड़ियों का कटान कराने तथा क्षतिग्रस्त पैदल मार्गों और रास्तों की मरम्मत के निर्देश भी दिए। नालों के ऊपर आवश्यकतानुसार सुरक्षित रास्तों का निर्माण एवं पुराने रास्तों को व्यवस्थित करने को कहा, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय दुगालखोला एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर परिसर की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने, झाड़ियों का कटान कराने तथा बच्चों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने आवास विकास क्षेत्र में स्थित एक जर्जर भवन का निरीक्षण किया। भवन की खराब स्थिति को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा की दृष्टि से उसे ध्वस्त करने की कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि आसपास रहने वाले लोगों को किसी प्रकार का खतरा न रहे।
निरीक्षण के दौरान दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उपजिलाधिकारी संजय कुमार सहित नगर निगम, जिला पंचायत एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।