Wed. Sep 9th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

हल्द्वानी बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में माननीय सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई की तिथि निर्धारित होने के मद्देनजर नैनीताल पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालकर एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई की।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस बल को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर चेकिंग के साथ संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध प्रिवेंटिव डिटेंशन की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा लगातार सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों और स्पेशलाइज्ड ड्रोन के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। रेलवे स्टेशन, लाइन नंबर-17, इंद्रानगर बड़ी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, ठोकर, शनि बाजार रोड, छोटी रोड इंद्रानगर, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, लाइन नंबर-8, चोरगलिया रोड, ताज चौराहा, भारद्वाज चौराहा और रेलवे स्टेशन गेट समेत विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया।

फ्लैग मार्च का नेतृत्व एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने किया। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और एसपी संचार रेवाधर मठपाल के पर्यवेक्षण में पुलिस, पीएसी, एंटी राइट टीम, बीडीएस, फायर एवं ड्रोन टीम समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

अफवाहों से बचने की अपील

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने क्षेत्रवासियों से सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का सम्मान करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह का प्रचार-प्रसार नहीं करने को कहा।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार निगरानी रख रही है। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली भ्रामक या तथ्यहीन पोस्ट एवं टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।