Wed. Sep 9th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

हल्द्वानी, रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में माननीय सुप्रीम कोर्ट के अहम फैसले से पहले नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में बनभूलपुरा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत बनभूलपुरा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में ब्रीफ किया गया। इस दौरान अधिकारियों को सरकारी कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग में एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल, पुलिस उपाधीक्षक बलजीत सिंह भाकुनी, सीएफओ गौरव किरार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
भारी पुलिस बल रहेगा तैनात
सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बनभूलपुरा क्षेत्र में सुपर जोन, जोन, एसपी, सीओ, निरीक्षक/एसओ, उपनिरीक्षक सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा पीएसी की दो कंपनियां और ड्रोन की दो विशेष टीमें भी तैनात रहेंगी।
सुरक्षा व्यवस्था में अग्निशमन विभाग की चार यूनिट, यातायात पुलिस की चार टीमें, बम निरोधक दस्ता, हॉक पुलिस की दो यूनिट, टियर गैस की दो टीमें, एंटी रायट की दो टीमें और फायरिंग स्क्वाड की दो टीमें शामिल हैं। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त विशेष वाहन और संसाधन भी उपलब्ध रहेंगे।
ड्रोन और सोशल मीडिया से निगरानी
पुलिस द्वारा बनभूलपुरा क्षेत्र में धरातलीय निगरानी के साथ-साथ ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। ड्रोन के माध्यम से छतों, गलियों और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली गतिविधियों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने, भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट प्रसारित करने अथवा माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
छतों पर पत्थर-मलबा जमा करने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने चेतावनी दी है कि हिंसा या उपद्रव की नीयत से छतों पर पत्थर, रोड़ी, ईंट, मलबा, हथियार या हथियारनुमा वस्तुएं जमा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति या समूह द्वारा उपद्रव की तैयारी किए जाने की स्थिति में तत्काल कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस की आम जनता से अपील
नैनीताल पुलिस ने आम जनता से सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का सम्मान करने और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने को कहा है।
पुलिस ने दोहराया कि अफवाह, भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सूचनाएं प्रसारित करने, लोगों को गुमराह करने या भड़काऊ बयानबाजी करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने, कानून का सम्मान करने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की है।