जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा मानसूनी परिस्थितियों और अल्मोड़ा–क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के किमी-56 तथा क्वारब बाईपास मार्ग पर भूस्खलन, पत्थर व बोल्डर गिरने की संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने 8 और 9 सितंबर 2026 के लिए यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया है। इस अवधि में भारी, व्यावसायिक और यात्री वाहनों का उक्त मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
अल्मोड़ा की ओर से मैदानी क्षेत्रों को जाने वाले भारी एवं यात्री वाहनों के लिए अल्मोड़ा–विश्वनाथ–शेरघाट/शहरफाटक तथा खैरना–रानीखेत मार्ग को वैकल्पिक मार्ग के रूप में निर्धारित किया गया है।
वहीं, मैदानी जनपदों से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को भीमताल–खुटानी–धानाचूली–शहरफाटक अथवा भवाली–कैंची–खैरना–भुजान–रानीखेत मार्ग से भेजा जाएगा।
प्रशासन ने एंबुलेंस, अग्निशमन, पुलिस, आपदा राहत-बचाव दल तथा आवश्यक खाद्य सामग्री और दवाओं से जुड़े वाहनों के लिए आपातकालीन कॉरिडोर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। हल्के वाहनों का आवागमन भी मार्ग की वास्तविक स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था के अधीन रहेगा।
यातायात पुलिस एवं संबंधित विभागों द्वारा वाहन चालकों को डायवर्जन की जानकारी देने के साथ स्थानीय स्तर पर उद्घोषणा और मीडिया-सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना प्रसारित की जा रही है।
09 सितंबर के बाद संबंधित विभाग मार्ग का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। मार्ग सुरक्षित पाए जाने और सक्षम स्तर से अनुमति मिलने के बाद ही भारी एवं यात्री वाहनों का आवागमन पुनः शुरू किया जाएगा। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करने और मौसम एवं सड़क की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा करने की अपील की है।