Wed. Sep 9th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा मानस पब्लिक स्कूल, अल्मोड़ा के विद्यार्थियों ने रतन सिंह सांगा एवं पनूली देवी सांगा स्मृति 33वीं जनपद स्तरीय निबंध प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
भारत ज्ञान विज्ञान समिति उत्तराखंड एवं बाल प्रहरी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में मानस पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, विचारों की स्पष्टता और प्रभावी लेखन शैली का परिचय दिया। प्राइमरी वर्ग में दक्षेश जोशी ने प्रथम, दीपांशु मेहरा ने द्वितीय तथा सचिन जोशी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं जूनियर वर्ग में प्रतीक बिष्ट प्रथम, प्रिंस कांडपाल द्वितीय और लक्ष्य मेहता तृतीय स्थान पर रहे।
छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्या श्रीमती मंजू बिष्ट एवं प्रबंधक श्री कमल कुमार बिष्ट ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्या ने सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, मानस पब्लिक स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ निबंध, भाषण, वाद-विवाद, विज्ञान एवं गणित प्रदर्शनी, चित्रकला, संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद जैसी गतिविधियों में भी विद्यार्थियों को लगातार प्रोत्साहित करता है।
विद्यालय परिवार ने दक्षेश जोशी, दीपांशु मेहरा, सचिन जोशी, प्रतीक बिष्ट, प्रिंस कांडपाल और लक्ष्य मेहता की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन करेंगे।