Wed. Sep 9th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

धौलछीना/अल्मोड़ा आपदा प्रभावित भैसियाछाना क्षेत्र के दियारी गांव में सोमवार, 8 सितंबर 2026 को स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम पहुंची। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी भैसियाछाना के निर्देश पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौलछीना की टीम ने आपदा के कारण विस्थापित परिवारों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं का आकलन किया।
मेडिकल टीम ने ग्रामीणों का आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श तथा आवश्यक दवाओं का वितरण किया। टीम में डॉ. अदिति बलूटिया , फार्मेसी अधिकारी विनय वर्मा, नर्सिंग अधिकारी ममता रानी , एएनएम मीनाक्षी जोशी और एसटीएस नरेश पांडे सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।
इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के उपयोग, संक्रमण से बचाव, भोजन की स्वच्छता तथा जलजनित रोगों की रोकथाम के संबंध में भी जागरूक किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा आपदा प्रभावित परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं पर लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।