Wed. Sep 9th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा नगर कांग्रेस कमेटी ने महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी के नेतृत्व में बुधवार को अल्मोड़ा नगर की बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क के गड्ढों को चिन्हित कर उनमें पेंट किया और शासन-प्रशासन का ध्यान सड़क व्यवस्था की ओर आकर्षित किया। इस दौरान प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी ने कहा कि अल्मोड़ा नगर की सड़कों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। जगह-जगह बने गड्ढों से आम जनता, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है, लेकिन इसके बावजूद शासन-प्रशासन समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाती रही है। यदि जल्द सड़कों की मरम्मत कर गड्ढों को नहीं भरा गया तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।
नगर महामंत्री वैभव पांडे ने कहा कि जनता टैक्स के माध्यम से सरकार के राजस्व में योगदान देती है, लेकिन उसे मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। सड़क आम जनता की महत्वपूर्ण मूलभूत सुविधा है, लेकिन अल्मोड़ा की सड़कों की हालत लगातार बदतर होती जा रही है। जगह-जगह बने गड्ढे परेशानी के साथ दुर्घटनाओं का भी कारण बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। केवल घोषणाओं और दावों से सड़कें ठीक नहीं होंगी, बल्कि धरातल पर काम दिखाई देना चाहिए। कांग्रेस जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी और जल्द सुधार नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़कों के गड्ढों को भरने और सड़क व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो अगला आंदोलन और अधिक उग्र रूप से किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
कांग्रेस ने शासन-प्रशासन से मांग की कि अल्मोड़ा नगर की सभी प्रमुख सड़कों का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढों को भरने और सड़क मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र भोज, नगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी, जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील शाह, भैरव गोस्वामी, ताराचंद शाह, आनंद बगड़वाल, वैभव पांडे, ऋतिक नयाल, दीपक कुमार, अनूप भारती, विकास कुमार, मुकेश कुमार डैनी, राधा बिष्ट, मनोज बिष्ट, सलीम अख्तर, गोविंद सिंह मेहरा, अरविंद रौतेला, एनडी पांडे, रविंद्र टम्टा, पूरन रौतेला, आनंद सिंह बिष्ट, तारा तिवारी, विशाल कनवाल, देवेश जोशी, आशा शर्मा, विनोद बिष्ट, चंपा कांडपाल, हरीश आर्य, राज चौहान, आर्यन, विनीत वाल्मीकि सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।